असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेताओं पवन खेड़ा और गौरव गोगोई पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि उनकी पत्नी रिंकी भुयान से जुड़े कथित पासपोर्ट विवाद में कांग्रेस ने “फर्जी दस्तावेज” पेश किए, जिनका स्रोत एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप है।
AI से बनाए गए फर्जी दस्तावेज का आरोप
सीएम सरमा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि कांग्रेस नेताओं द्वारा पेश किए गए दस्तावेज ‘AI’ के जरिए तैयार किए गए हैं। उन्होंने इन दस्तावेजों को पूरी तरह फर्जी बताते हुए कहा कि इनका लिंक पाकिस्तान से जुड़ा हुआ है।
सरमा के मुताबिक, “हमारी जांच में सामने आया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस की सामग्री एक पाकिस्तानी सोशल मीडिया ग्रुप से ली गई थी।”
पाकिस्तान में असम चुनाव पर चर्चा का दावा
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पिछले 10 दिनों में पाकिस्तान के टीवी चैनलों पर असम चुनाव को लेकर कम से कम 11 टॉक शो किए गए।
उनका दावा है कि इन सभी चर्चाओं में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश की गई।
कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
सीएम सरमा ने कहा कि फर्जी दस्तावेजों के जरिए जनता को गुमराह करना गंभीर अपराध है। उन्होंने IPC और नए BNS कानूनों का हवाला देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में कड़ी सजा, यहां तक कि उम्रकैद तक का प्रावधान है।
उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी रिंकी भुयान ने इस मामले में FIR दर्ज करा दी है और पुलिस से उचित कार्रवाई की उम्मीद जताई है।
पासपोर्ट फोटो से छेड़छाड़ का आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरमा ने यह भी दावा किया कि उनकी पत्नी के असली पासपोर्ट की फोटो से छेड़छाड़ की गई है।
उन्होंने कहा कि एक पाकिस्तानी व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया पर अपलोड की गई फोटो को आधार बनाकर उसमें AI और फोटोशॉप के जरिए बदलाव किए गए।
इसके अलावा, मिस्र के पासपोर्ट को भी पूरी तरह फर्जी बताया गया है। उन्होंने कहा कि साधारण गूगल रिवर्स सर्च से भी सच्चाई सामने आ सकती है।
जांच एजेंसियों से कार्रवाई की उम्मीद
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पूरे मामले में पाकिस्तान लिंक “स्पष्ट” दिखाई दे रहा है और जांच एजेंसियों को इस पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने भरोसा जताया कि कानून प्रवर्तन एजेंसियां मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाएंगी।
Comments
Leave a Reply