
बांग्लादेश चुनाव 2026: बीएनपी को बड़ी बढ़त, तारिक रहमान दो सीटों से जीते
बीएनपी सबसे आगे, जमात भी कई सीटों पर मजबूत
बांग्लादेश के 13वें संसदीय चुनाव की मतगणना जारी है। ताजा रुझानों के अनुसार बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) करीब 70 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं जमात-ए-इस्लामी लगभग 21 सीटों पर आगे चल रही है और एनसीपी 2 सीटों पर बढ़त में है। संसद में बहुमत के लिए 151 सीटों की जरूरत होती है।
तारिक रहमान ने दो सीटों पर दर्ज की जीत
बीएनपी प्रमुख तारिक रहमान ने ढाका-17 और बोगरा-6 सीट से जीत हासिल की है। उन्होंने सुबह वोट डाला था और बाद में दोनों सीटों से जीत दर्ज कर पार्टी को बड़ा राजनीतिक संदेश दिया है।
तंगेल-7 में बीएनपी की बड़ी जीत
तंगेल-7 सीट पर बीएनपी के अबुल कलाम आजाद सिद्दीकी ने भारी अंतर से जीत हासिल की। उन्हें 1.41 लाख से ज्यादा वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी जमात उम्मीदवार को करीब 71 हजार वोट मिले।
अन्य सीटों पर भी बीएनपी मजबूत
ठाकुरगांव-1 सीट पर बीएनपी महासचिव मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर बढ़त बनाए हुए हैं। कॉक्स बाजार-1 सीट से बीएनपी नेता सलाहुद्दीन अहमद भी भारी बढ़त में बताए जा रहे हैं।
जमात उम्मीदवार ने मानी हार
सुनामगंज-2 सीट से जमात उम्मीदवार शिशिर मनीर ने हार स्वीकार कर ली और बीएनपी उम्मीदवार को जीत की बधाई दी।
निर्दलीय उम्मीदवार भी रेस में
ब्राह्मणबरिया-2 सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार रूमीन फरहाना बढ़त में बताई जा रही हैं, जिससे मुकाबला कई सीटों पर दिलचस्प बना हुआ है।
299 सीटों पर हुआ मतदान
इस चुनाव में कुल 300 में से 299 सीटों पर मतदान हुआ। एक सीट पर उम्मीदवार की मौत के कारण चुनाव रद्द करना पड़ा। देश की नई सरकार के लिए यह चुनाव काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Comments
Leave a Reply