National Testing Agency ने NEET UG 2026 री-एग्जाम को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। पेपर लीक विवाद के बाद रद्द की गई परीक्षा अब 21 जून को दोबारा आयोजित होगी। साथ ही NTA ने स्पष्ट किया है कि छात्रों से दोबारा कोई फीस नहीं ली जाएगी और आज यानी 21 मई से फीस रिफंड पोर्टल भी शुरू कर दिया जाएगा।
21 जून को ऑफलाइन मोड में होगी परीक्षा
NTA के अनुसार NEET UG 2026 री-एग्जाम 21 जून, रविवार को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित किया जाएगा। परीक्षा पहले की तरह ऑफलाइन पेन-एंड-पेपर मोड में होगी। एजेंसी ने साफ किया कि अतिरिक्त 15 मिनट परीक्षा शुरू होने से पहले दस्तावेज जांच और अन्य औपचारिकताओं के लिए दिए जाएंगे। परीक्षा देश और विदेश के केंद्रों पर 13 भाषाओं में आयोजित होगी।
फीस रिफंड पोर्टल आज से एक्टिव
परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों की सबसे बड़ी चिंता फीस रिफंड को लेकर थी। NTA ने कहा है कि उम्मीदवारों के बैंक खाते की जानकारी लेने के लिए विशेष पोर्टल 21 मई से सक्रिय कर दिया जाएगा। एजेंसी ने यह भी स्पष्ट किया कि री-एग्जाम के लिए किसी भी छात्र को अतिरिक्त फीस नहीं देनी होगी। मई 2026 में भरे गए आवेदन और परीक्षा केंद्र की जानकारी को ही आगे उपयोग किया जाएगा।
परीक्षा शहर और भाषा नहीं बदल सकेंगे छात्र
NTA ने परीक्षा शहर और भाषा को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की है। एजेंसी के मुताबिक आवेदन के दौरान चुनी गई भाषा और परीक्षा केंद्र अब बदले नहीं जा सकेंगे। NTA ने कहा कि कुछ भाषाएं केवल चुनिंदा राज्यों और शहरों में उपलब्ध होती हैं, इसलिए सभी शहर विकल्प हर छात्र के लिए नहीं दिए गए थे।
पेपर लीक जांच में CBI की कार्रवाई जारी
NEET पेपर लीक मामले की जांच फिलहाल Central Bureau of Investigation कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, पुणे और नासिक समेत कई शहरों से अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। NTA के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने कहा कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। वहीं एजेंसी ने छात्रों से अपील की है कि अगर उन्हें 3 मई की परीक्षा में किसी प्रकार की समस्या हुई थी तो वे ईमेल के जरिए शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
Comments
Leave a Reply