रिपोर्ट - गौरव शर्मा, गुना
गुना। गुना में जनसुनवाई के दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अधिकारियों की मौजूदगी को लेकर नाराजगी जताई। मोहन बारेला मामले में पीड़ित परिवार अपनी शिकायत लेकर सिंधिया के सामने पहुंचा था। इसी दौरान जब सिंधिया ने मामले से जुड़े अधिकारियों के बारे में जानकारी ली तो कलेक्टर और एसपी के मौके पर मौजूद न होने की बात सामने आई। बताया गया कि दोनों अधिकारी अपनी-अपनी गाड़ियों में बैठे थे। इस पर सिंधिया ने दोनों अधिकारियों को तत्काल बुलाने के निर्देश दिए और कहा, “गाड़ी में मत बैठिए, आप दोनों मेरी ड्यूटी पर हैं।”
जनसुनवाई में फरियाद लेकर पहुंचे मोहन बारेला के परिजन
सिंधिया अपने चार दिवसीय गुना दौरे के तीसरे दिन शुक्रवार को सर्किट हाउस में जनसुनवाई कर रहे थे। इसी दौरान मोहन बारेला मामले से जुड़े परिजन उनके पास पहुंचे और घटना को लेकर अपनी शिकायत रखी। सिंधिया ने परिजनों की बात सुनी और मामले से संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेने की कोशिश की।
जब उन्हें बताया गया कि गुना कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल और एसपी मौके पर मौजूद नहीं हैं, तो उन्होंने अधिकारियों को तत्काल बुलाने के निर्देश दिए।
“कलेक्टर कहां हैं? जल्दी बुलाओ...”
मौके पर सिंधिया ने अधिकारियों से कलेक्टर को बुलाने के लिए कहा। इसके बाद उन्होंने कलेक्टर और एसपी को गाड़ी से बाहर आने और मौके पर मौजूद रहने की हिदायत दी। सिंधिया ने कहा, “गाड़ी में मत बैठिए आप दोनों, मेरी ड्यूटी पर हैं।”
अधिकारियों के पहुंचने के बाद सिंधिया ने मोहन बारेला मामले को लेकर उनसे सीधे जानकारी ली और घटना से जुड़े तथ्यों को समझने की कोशिश की।
हादसे और पुलिस कार्रवाई की ली जानकारी
सिंधिया ने अधिकारियों से हादसे में शामिल वाहन, दुर्घटना की परिस्थितियों और अब तक हुई पुलिस कार्रवाई के बारे में जानकारी मांगी। उन्होंने मामले की जांच को लेकर आवश्यक निर्देश दिए और पीड़ित परिवार की शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करने को कहा।
विकास योजनाओं को लेकर भी हुई थी चर्चा
सिंधिया के गुना दौरे के दौरान विकास योजनाओं को लेकर भी चर्चा हुई थी। एक दिन पहले गुना की थीम रोड और सौंदर्यीकरण परियोजना को लेकर उन्होंने कहा था कि विकास योजनाओं को जमीन पर उतारने में समय लगता है। इसी दौरान ₹30.47 करोड़ की लागत से बनने वाली करीब 7 किलोमीटर लंबी थीम रोड और सौंदर्यीकरण परियोजना का भूमिपूजन भी किया गया था।
जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों की मौजूदगी को लेकर सिंधिया के सख्त निर्देशों का यह घटनाक्रम अब गुना में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Comments
Leave a Reply