।रिपोर्ट: मनोहर प्रजापति।
गुना। जिले के चांचौड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम कोन्याकला में शुक्रवार शाम पुरानी चुनावी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। पूर्व जनपद अध्यक्ष के भतीजे 32 वर्षीय गिरीश मीना की गांव के ही कुछ लोगों ने बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा और तनाव का माहौल है, वहीं पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर भारी बल तैनात कर दिया है।
मुलाकात के दौरान घात लगाकर हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तुलसीखेड़ी निवासी गिरीश मीना अपने मित्र कृष्णगोपाल मीना के साथ अल्टो कार से कोन्याकला गांव पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि गिरीश गांव के स्कूल के पास एक परिचित महिला से मिलने गए थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए गिरीश पर हमला कर दिया।
चश्मदीद को धमकाकर भगाया
घटना के दौरान मौजूद कृष्णगोपाल मीना के अनुसार, आरोपियों ने उसे भी जान से मारने की धमकी दी और मौके से भगा दिया। वह किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकला और तुरंत परिजनों को घटना की जानकारी दी।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत
गंभीर रूप से घायल गिरीश को जब अस्पताल ले जाया गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चार आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज
पुलिस ने फरियादी कृष्णगोपाल मीना की शिकायत पर आरोपी चंदू, रामविलास, मनीष और गोविंद मीना के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 296(ए) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल सभी आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस प्रशासन के अनुसार, यह वारदात पुरानी चुनावी रंजिश का परिणाम है। इलाके में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Comments
Leave a Reply