रिपोर्ट: सागर मिश्रा
कानपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत कानपुर में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और नागरिकों ने यात्रा में हिस्सा लिया। ‘विजयी विश्व तिरंगा प्यारा, झंडा ऊंचा रहे हमारा’ समेत देशभक्ति के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। यात्रा में उमड़ा जनसैलाब देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रभक्ति के प्रति लोगों के उत्साह का प्रतीक नजर आया।
तिरंगा यात्रा में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं मध्य प्रदेश के भाजपा प्रभारी तथा राष्ट्रीय पदाधिकारी डॉ. महेंद्र सिंह (एमएलसी) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा में हिस्सा लिया और लोगों को राष्ट्र के प्रति समर्पण एवं एकता का संदेश दिया।
यात्रा में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की भी मौजूदगी रही। भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित, विधान परिषद सदस्य सलील विश्नोई, पूर्व मंत्री एवं विधायक नीलिमा कटियार, विधायक सुरेंद्र मैथानी, सुरेश अवस्थी, जीत प्रताप सिंह, रोहित सक्सेना और अभिनव दीक्षित समेत संगठन के कई वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर भारत माता की जय और राष्ट्रभक्ति के नारे लगाए। यात्रा में शामिल लोगों ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. महेंद्र सिंह (विधान परिषद सदस्य) ने भी अपनी बात रखी।
Comments
Leave a Reply