मध्य प्रदेश के गुना जिले के आरोन थाना क्षेत्र में कॉलेज से परीक्षा देकर लौट रहे सगे भाई-बहन की सड़क हादसे में हुई दर्दनाक मौत के मामले में अब पीड़ित परिवार का सब्र टूट गया है। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी वाहन चालक की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों ने न्याय की मांग तेज कर दी है। सोमवार को रोते-बिलखते परिजन गुना पुलिस अधीक्षक (SP) और कलेक्टर कार्यालय पहुँचे और मामले में निष्पक्ष व त्वरित कार्रवाई की गुहार लगाई।
भीषण टक्कर में मौके पर ही थम गई थीं सांसें
जानकारी के अनुसार, ग्राम महुआ खेड़ा निवासी शिवानी कोरी और उसका भाई विपिन कोरी अपनी कॉलेज की परीक्षा देने गए थे। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों भाई-बहन बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सिरसी-ढिमरयाई रोड पर एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और शिवानी व विपिन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। एक साथ घर के दो जवान बच्चों की अर्थी उठने से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवार गहरे सदमे में है।
लोकल पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली से नाराज हैं परिजन
एसपी कार्यालय पहुँचे मृतकों के परिजनों का आरोप है कि थाना स्तर पर पुलिस की कार्रवाई बेहद निराशाजनक और संतोषजनक नहीं रही। घटना को कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन पुलिस अभी तक टक्कर मारने वाले मुख्य वाहन की आधिकारिक पहचान तक नहीं कर पाई है।
"परिजनों ने अपनी शिकायत में एक संदिग्ध 407 लोडिंग वाहन का जिक्र किया है। उनके अनुसार, इस वाहन चालक को पूछताछ के लिए आरोन थाने बुलाया भी गया था, लेकिन पुलिस ने अभी तक किसी भी ठोस नतीजे या वाहन की आधिकारिक पुष्टि की जानकारी परिवार को नहीं दी है।"
SP ने दिया 20 दिन का आश्वासन, कलेक्टर से आर्थिक मदद की गुहार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और आश्वासन दिया है कि आगामी 20 दिनों के भीतर मामले की सघन जांच कर दोषियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
एसपी दफ्तर के बाद पीड़ित परिवार कलेक्टर कार्यालय भी पहुँचा। घर कमाने वाले दो युवा सदस्यों को खो चुके इस गरीब परिवार ने प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता और राहत राशि दिलाने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि वे अब पूरी तरह टूट चुके हैं और उन्हें केवल न्याय की उम्मीद है।
गौरव शर्मा, जिला ब्यूरो (गुना)
Comments
Leave a Reply