Thursday, 09 April 2026
Swaraj Express
person
मध्य प्रदेश guna

हनुमान जन्मोत्सव पर सजा गुना का हनुमान टेकरी धाम, लाखों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

|रिपोर्ट: मनोहर प्रजापति  |  गुना स्थित प्रदेश के प्रसिद्ध श्री हनुमान टेकरी धाम पर हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर भव्य मेले का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिला प्रशासन और टेकरी मंदिर ट्रस्ट ने मिलकर व्यवस्थाओं की कमान संभाली। अलग-अलग राज्यों से लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम, 500 स्वयंसेवक और पुलिस बल तैनात
मेले में सुरक्षा को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं। श्री टेकरी धाम सेवा समिति के करीब 500 स्वयंसेवक पुलिस बल के साथ तैनात किए गए हैं। पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी तरह की अव्यवस्था या घटना को रोका जा सके।

फूलों से सजा दरबार, भव्य श्रृंगार ने बढ़ाई आस्था
हनुमान जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में बालाजी सरकार का दरबार आकर्षक फूलों से सजाया गया। गर्भगृह में विभिन्न प्रजातियों के फूलों से विशेष श्रृंगार किया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। मंदिर का वातावरण पूरी तरह भक्ति और उत्साह से सराबोर नजर आया।

मंगला आरती से शुरू हुआ उत्सव, रात तक दर्शन का सिलसिला जारी
सुबह 4:15 बजे भव्य मंगला आरती के साथ उत्सव की शुरुआत हुई, जिसके बाद श्रद्धालुओं ने दर्शन करना शुरू किया। यह सिलसिला रात 12:15 बजे शयन आरती तक जारी रहेगा। दिनभर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है।

प्रशासन की अपील: आभूषण न पहनें, बच्चों का रखें विशेष ध्यान
प्रशासन ने श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं से अपील की है कि वे कीमती आभूषण पहनकर न आएं। साथ ही छोटे बच्चों का विशेष ध्यान रखने की भी सलाह दी गई है, ताकि भीड़ में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

 
 
Share
0
0
0

Comments

Leave a Reply