Saturday, 11 April 2026
Swaraj Express
person
देश

बीकानेर में ओलावृष्टि का कहर: रेगिस्तान बना ‘कश्मीर’, फसलों को भारी नुकसान

देश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है, जिससे लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कई राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों में तेज आंधी-तूफान, भारी बारिश, ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। हवा की रफ्तार 60 से 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

इन राज्यों में सबसे ज्यादा खतरा
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं दक्षिण भारत के तमिलनाडु और केरल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अनुमान है।

कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी
देश के अन्य हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी राजस्थान, गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में मौसम खराब रहने की संभावना है। ओडिशा में जहां एक तरफ बारिश की चेतावनी है, वहीं भीषण गर्मी और उमस को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है।

जमीन पर दिखने लगा असर
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि और बारिश दर्ज की गई। भोपाल, इंदौर, जबलपुर और सागर संभागों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिससे तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट आई है। उत्तर प्रदेश के कानपुर और हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में भी तेज बारिश देखी गई।

किसानों पर सबसे ज्यादा मार
इस बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है। खासकर राजस्थान के कई जिलों में फसलें बर्बाद हो गई हैं। राज्य के उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा ने इसे प्राकृतिक आपदा बताते हुए अधिकारियों को नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने किसानों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया है।

Share
0
0
0

Comments

Leave a Reply