Wednesday, 08 April 2026
Swaraj Express
person
मध्य प्रदेश गुना

गुना में हाई-वोल्टेज ड्रामा: पुलिस कार्रवाई के विरोध में मासूमों को सड़क पर पटकने की कोशिश!

गुना:(रिपोर्ट -मनोहर प्रजापति )कैंट थाने के सामने रविवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब पारदी समुदाय की महिलाओं ने बीच सड़क पर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई और लंबा जाम लग गया। पुलिस ने इस मामले में 11 नामजद महिलाओं सहित कुल 12 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

पुलिस की समझाइश भी रही बेअसर
जानकारी के अनुसार, रात करीब 7:30 बजे अशोकनगर रोड पर महिलाएं अपने साथियों के साथ सड़क पर बैठ गईं और रास्ता रोक दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें हटाने की कोशिश की, लेकिन महिलाएं और अधिक आक्रोशित हो गईं और वरिष्ठ अधिकारियों की बात भी मानने से इनकार कर दिया।

बच्चों को जमीन पर फेंकने की कोशिश
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने दबाव बनाने के लिए अपनी गोद में मौजूद नवजात बच्चों को सड़क पर फेंकने और हवा में उछालने की कोशिश की। हालांकि पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को सुरक्षित बचा लिया। इस संवेदनहीन हरकत से मौके पर मौजूद लोगों में भी आक्रोश देखने को मिला।

लूट के आरोपियों की गिरफ्तारी से भड़का विवाद
दरअसल, यह पूरा मामला गादेर घाटी में हुई लूट के आरोपियों की गिरफ्तारी से जुड़ा है। पुलिस ने पटेल नगर निवासी चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटी गई बाइक भी बरामद की थी। इसी कार्रवाई के विरोध में महिलाओं ने यह प्रदर्शन किया।

पुलिस का सख्त रुख, नहीं मिलेगी छूट
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(2) और 126(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रशासन ने साफ किया है कि शासकीय कार्य में बाधा डालने और यातायात प्रभावित करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

 
Share
0
0
0

Comments

Leave a Reply