Monday, 12 October 2026
Swaraj Express
person
देश

कानपुर सेंट्रल पर 50 हजार रुपये से अधिक की अवैध शराब बरामद, अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार

कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी विंग की संयुक्त टीम ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कथित अंतरराज्यीय शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 750 एमएल की 17 बोतलें बरामद हुई हैं, जिनमें ROYAL GREEN CLASSIC BLENDED WHISKY और ROYAL STAG PREMIER WHISKY शामिल हैं। पुलिस के अनुसार बरामद शराब की कुल मात्रा करीब 12 लीटर 750 मिलीलीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये से अधिक बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई 28 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 12:40 बजे कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन के हरिहरगंज पुल से आगे सीपीसी वॉशिंग लाइन की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर पावर हाउस के पास की गई। संयुक्त टीम इलाके में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में मौजूद एक व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से ROYAL GREEN CLASSIC BLENDED WHISKY की 750 एमएल की 15 बोतलें और ROYAL STAG PREMIER WHISKY की 750 एमएल की 2 बोतलें बरामद की गईं। पूछताछ में आरोपी की पहचान रंजीत कुमार पुत्र महेश शर्मा, निवासी गया, बिहार, उम्र करीब 40 वर्ष के रूप में हुई।

पुलिस का कहना है कि आरोपी शराब को हरियाणा से लेकर बिहार जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रहा था। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये से अधिक बताई गई है। कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ थाना जीआरपी कानपुर सेंट्रल में मु0अ0सं0 336/2026 दर्ज किया गया है। मामले में धारा 63 आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

गिरफ्तारी के बाद पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि शराब की तस्करी के पीछे और कौन लोग शामिल हैं और आरोपी इससे पहले किन-किन राज्यों में इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त रहा है। पुलिस उसके संभावित आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।

इस कार्रवाई में जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी विंग की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस की जांच के बाद शराब तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संबंध में और जानकारी सामने आने की संभावना है।

रिपोर्टर — सागर मिश्रा

Share
0
0
0

Comments

Leave a Reply