Saturday, 21 February 2026
Swaraj Express
person
खेल

IND vs NAM: भारत की रिकॉर्ड जीत, ग्रुप A में टॉप; ईशान-हार्दिक का तूफान, वरुण की घातक गेंदबाजी

IND vs NAM T20 World Cup 2026 मैच में भारत ने नामीबिया को 93 रन से हराकर ग्रुप A में टॉप स्थान हासिल किया। ईशान किशन और हार्दिक पांड्या की अर्धशतकीय पारियों और गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन से भारत की रिकॉर्ड जीत दर्ज हुई।



टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। नामीबिया को 93 रन से हराकर भारत ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की और ग्रुप A की अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया। इस जीत के बाद पाकिस्तान दूसरे स्थान पर खिसक गया है। इससे पहले भारत ने अपने पहले मैच में अमेरिका को हराया था। अब टीम की नजरें 15 फरवरी को पाकिस्तान के खिलाफ हाई-वोल्टेज मुकाबले पर हैं।

ईशान किशन की तूफानी बल्लेबाजी से बना बड़ा स्कोर

दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 209 रन बनाए। ईशान किशन ने सिर्फ 24 गेंदों में 61 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने केवल 20 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जिसमें 5 छक्के और 6 चौके शामिल रहे। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी ने भारत को तेज शुरुआत दिलाई और बड़े स्कोर की नींव रखी।

हार्दिक पांड्या का दमदार साथ

ईशान के साथ हार्दिक पांड्या ने भी शानदार अर्धशतक लगाया। दोनों बल्लेबाजों की पारियों की वजह से भारत 200 रन के पार पहुंचने में सफल रहा। नामीबिया की ओर से कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट जरूर लिए, लेकिन वह टीम को बड़े स्कोर से नहीं रोक सके।

सैमसन और सूर्या अच्छी शुरुआत के बाद आउट

संजू सैमसन ने 8 गेंदों में 22 रन बनाकर तेज शुरुआत दी, लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल सके। कप्तान सूर्यकुमार यादव भी 12 रन बनाकर आउट हो गए। तिलक वर्मा ने 25 रन का योगदान दिया, लेकिन वह भी लंबी पारी नहीं खेल पाए।

गेंदबाजों ने खत्म किया मैच

209 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम 18.2 ओवर में 116 रन पर ऑलआउट हो गई। भारतीय गेंदबाजों ने शुरुआत से दबाव बनाए रखा और मैच पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया।

रिकॉर्ड जीत और इतिहास में नाम

यह रनों के अंतर से टी20 वर्ल्ड कप में भारत की सबसे बड़ी जीत रही। इससे पहले भारत ने 2012 में इंग्लैंड को 90 रन से हराया था। साथ ही भारतीय टीम टी20 वर्ल्ड कप में लगातार 10 मैच जीतने वाली पहली टीम बन गई।

Share
0
0
0

Comments