भोपाल। मध्य प्रदेश शासन ने प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल करते हुए चार अधिकारियों की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 19 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार, भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के अधिकारियों को अलग-अलग विभागों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यह आदेश आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा।
आदेश के मुताबिक श्रीमती भारती जाटव अगरे (2012 बैच) को खनिज साधन विभाग से हटाकर अपर सचिव, मध्यप्रदेश शासन, उच्च शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी यह पदस्थापना पूर्व में 17 जून 2026 को जारी पदस्थापना आदेश में संशोधन करते हुए की गई है।
वहीं श्रीमती मनीषा सैंतिया (2013 बैच) को गृह विभाग से स्थानांतरित कर अपर सचिव, मध्यप्रदेश शासन, पर्यटन विभाग बनाया गया है।
इसी क्रम में श्रीमती सुधिस्मिता सक्सेना (2016 बैच) को लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग से हटाकर उप सचिव, मध्यप्रदेश शासन, गृह विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा श्री विवेक कुमार (2017 बैच), जो पदस्थापना की प्रतीक्षा में थे, उन्हें उप सचिव, मध्यप्रदेश शासन, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा विभाग में पदस्थ किया गया है।
मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश की प्रतिलिपि भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, मध्य प्रदेश शासन के संबंधित विभागों, मुख्यमंत्री कार्यालय समेत अन्य संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है।
आदेश
Comments
Leave a Reply