Friday, 29 May 2026
Swaraj Express
person
मध्य प्रदेश

भोपाल की चर्चित ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत केस में नया मोड़, दोबारा पोस्टमार्टम नहीं होगा; पति फरार, रिपोर्ट में सामने आए चोट के कई निशान

भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में हुई ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार चर्चा में बना हुआ है। इस बीच ट्विशा के परिवार को कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। अदालत ने शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग को खारिज कर दिया है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर चोटों के निशान मिलने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में संघर्ष के संकेत

ट्विशा शर्मा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक उनके शरीर पर कई चोटों के निशान पाए गए हैं। बाएं हाथ और कंधे पर नीले निशान मिले हैं, जबकि गाल पर भी चोट के दो निशान पाए गए। इसके अलावा गले पर रस्सी के निशान भी मिले हैं। रिपोर्ट से संकेत मिला है कि मौत से पहले संघर्ष की स्थिति रही हो सकती है।

परिवार दोबारा पोस्टमार्टम की मांग पर अड़ा

ट्विशा के मायके पक्ष का आरोप है कि उनकी हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया। परिवार दिल्ली एम्स में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग कर रहा था, लेकिन कोर्ट ने इस मांग को अस्वीकार कर दिया। इसी कारण पिछले 8 दिनों से ट्विशा का शव एम्स की मर्चुरी में रखा हुआ है और अंतिम संस्कार नहीं हो पाया है। पुलिस ने परिवार से शव ले जाने का आग्रह भी किया है।

मौत से पहले मां को बताई थी प्रताड़ना की बात

जानकारी के अनुसार 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं। दिसंबर 2025 में उनकी शादी अधिवक्ता समर्थ सिंह से हुई थी। 12 मई की रात उन्होंने अपनी मां और परिजनों से फोन पर बात करते हुए ससुराल में प्रताड़ित किए जाने और नौकरी छोड़ने को लेकर ताने मिलने की बात कही थी। परिजनों के मुताबिक बातचीत के कुछ समय बाद फोन कट गया और करीब दो घंटे बाद सास ने फोन कर आत्महत्या की सूचना दी।

सास को अग्रिम जमानत, पति अब भी फरार

कटारा हिल्स पुलिस ने मामले में पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश गिरिबाला सिंह और उनके बेटे समर्थ सिंह के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया है। गिरिबाला सिंह को भोपाल जिला अदालत से अग्रिम जमानत मिल चुकी है, जबकि पति समर्थ सिंह अभी भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए छह टीमें गठित की हैं और उस पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया है।

 
 
 
Share
0
0
0

Comments

Leave a Reply