रिपोर्ट: सागर मिश्रा
कानपुर। 15 अगस्त, स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में कलक्टरगंज थाना पुलिस ने क्षेत्र में सघन नाकाबंदी कर व्यापक वाहन चेकिंग अभियान चलाया।
पुलिस टीम ने क्षेत्र के प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और मुख्य मार्गों पर घेराबंदी कर आने-जाने वाले वाहनों की जांच की। इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनके दस्तावेजों की जांच की गई। वाहन चालकों के हेलमेट और सीटबेल्ट की भी पड़ताल की गई, जबकि संदिग्ध नजर आने वाले लोगों से पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की।
संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की नजर
थाना प्रभारी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखना है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को कोई लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई देता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस टीम रही मुस्तैद
चेकिंग अभियान के दौरान कलक्टरगंज थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह, चौकी इंचार्ज देवेश मिश्रा, एसआई अनिल कुमार शुक्ला, कांस्टेबल सुमित बादल और अजय सिंह समेत पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र इस तरह के चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे। शहर के संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की लगातार निगरानी रहेगी, ताकि 15 अगस्त का राष्ट्रीय पर्व शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराया जा सके।
Comments
Leave a Reply