Thursday, 27 August 2026
Swaraj Express
person
क्राइम

कानपुर सेंट्रल पर 13.65 किलो गांजे के साथ तस्कर गिरफ्तार, ₹15 लाख से अधिक की बताई गई कीमत

 

रिपोर्टर: सागर मिश्रा

कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक कथित मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 13 किलो 650 ग्राम गांजा बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, बरामद गांजे की अनुमानित कीमत ₹15 लाख से अधिक है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान बिहार के सिवान जिले के दुरौधा थाना क्षेत्र के ग्राम रामा छपरा निवासी 36 वर्षीय विनय कुमार शर्मा के रूप में हुई है। 20 अगस्त 2026 की रात करीब 12:40 बजे कानपुर सेंट्रल के सर्कुलेटिंग कैंट साइड स्थित शुभ शौचालय के पीछे पीपल के पेड़ के पास चेकिंग के दौरान उसे पकड़ा गया। तलाशी लेने पर उसके ट्रॉली बैग से गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह गांजा ओडिशा से लेकर आया था और उसे दिल्ली ले जाने की तैयारी में था। वह आनंद विहार जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहा था। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास के साथ-साथ कथित तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है।

मामले में थाना जीआरपी कानपुर सेंट्रल में मुकदमा संख्या 287/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई रेलवे पुलिस महानिदेशक प्रकाश डी. और आईजी रेलवे प्रयागराज एन. कोलांची के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। कार्रवाई का नेतृत्व जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक ओम नारायण सिंह और आरपीएफ पोस्ट प्रभारी सिद्धनाथ पाटीदार ने किया।

संयुक्त टीम में सीआईबी विंग प्रभारी अमित कुमार चौधरी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव समेत जीआरपी और आरपीएफ के जवान शामिल रहे। पुलिस अब इस बरामदगी के पीछे सक्रिय नेटवर्क और गांजे की सप्लाई से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Share
0
0
0

Comments

Leave a Reply