Air India की दिल्ली से लंदन जा रही फ्लाइट AI111 को उड़ान के दौरान तकनीकी खराबी के कारण वापस लौटना पड़ा। यह घटना गुरुवार सुबह की है, जब विमान ने करीब 6 बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी और कुछ घंटों बाद ही स्थिति को देखते हुए पायलट ने एहतियातन वापसी का निर्णय लिया।
सऊदी अरब के ऊपर बदला गया रूट
फ्लाइट ट्रैकिंग डेटा के अनुसार, विमान जब सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र में था, तब इसे वापस मोड़ दिया गया। उस समय तक विमान लगभग चार घंटे तक हवा में रह चुका था। वापसी सहित कुल सात घंटे की उड़ान के बाद यह विमान दोपहर करीब 12:30 बजे सुरक्षित दिल्ली एयरपोर्ट पर उतर गया।
विमान के अंदर सुनी गईं संदिग्ध आवाजें
सूत्रों के मुताबिक, उड़ान के दौरान विमान के अंदर कुछ असामान्य आवाजें सुनी गई थीं, जिसके बाद पायलट ने जोखिम न लेते हुए तुरंत वापसी का फैसला लिया। हालांकि, उस समय विमान में कितने यात्री सवार थे, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
एयर इंडिया का बयान: ‘एहतियाती कदम’
Air India के प्रवक्ता ने इस घटना को “एहतियाती कदम” बताया। एयरलाइन के अनुसार, विमान पूरी तरह सुरक्षित तरीके से उतरा और अब उसकी विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है। कंपनी ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए उन्हें जल्द से जल्द उनके गंतव्य तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
A350 विमान पर उठे सवाल
यह घटना इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि एयर इंडिया ने हाल ही में Airbus A350-900 विमानों को अपने बेड़े में शामिल किया है। जिस विमान (VT-JRF) में यह खराबी आई, उसमें पहले भी तकनीकी समस्या सामने आ चुकी है।
पहले भी आ चुकी है तकनीकी दिक्कत
सूत्रों के अनुसार, 15 मार्च को इसी विमान को न्यूयॉर्क से दिल्ली आते समय तकनीकी खराबी के चलते आयरलैंड के शैनन में डायवर्ट करना पड़ा था। एक ही विमान में कम समय में दो बार तकनीकी समस्या सामने आना, रखरखाव और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल खड़े करता है।
Comments
Leave a Reply