Monday, 13 April 2026
Swaraj Express
person
मध्य प्रदेश उज्जैन

उज्जैन में दर्दनाक हादसा: 70 फीट गहरे बोरवेल में गिरा 3 साल का मासूम, रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बड़नगर तहसील के झलारिया गांव में 3 साल का मासूम भागीरथ खेलते समय 70 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। यह हादसा गुरुवार शाम करीब 7 बजे हुआ, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।


70 फीट गहराई में फंसा बच्चा

रेस्क्यू टीमों के अनुसार बच्चा करीब 70 फीट की गहराई में फंसा हुआ है। उसे सुरक्षित निकालने के लिए समानांतर गड्ढा खोदा जा रहा है। अब तक लगभग 40 फीट तक खुदाई की जा चुकी है, लेकिन बीच में चट्टान आने से राहत कार्य में दिक्कतें बढ़ गई हैं।

बोरवेल के अंदर कैमरा डालकर बच्चे की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और उसे ऑक्सीजन सपोर्ट भी दिया जा रहा है।


एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की संयुक्त टीम मौके पर

बचाव कार्य के लिए भोपाल से एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। इसके साथ ही इंदौर, हरदा और उज्जैन की एसडीआरएफ टीम भी मिलकर संयुक्त रूप से अभियान चला रही है।

जेसीबी मशीनों की मदद से तेजी से खुदाई की जा रही है और मौके पर एंबुलेंस भी तैनात की गई हैं, ताकि बच्चे को बाहर निकालते ही तुरंत उपचार मिल सके।


मां ने बचाने की कोशिश की, लेकिन...

परिजनों के मुताबिक बच्चा खेलते-खेलते बोरवेल के पास पहुंच गया था। उसने पत्थर हटाकर उसे बाल्टी समझकर पैर रखा और सीधे अंदर गिर गया।

मां ने उसे गिरते हुए देखा और बचाने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक बच्चा गहराई में जा चुका था।


राजस्थान से आया था परिवार

बच्चे के पिता प्रवीण देवासी राजस्थान के पाली जिले के रहने वाले हैं। परिवार पिछले कुछ दिनों से इलाके में भेड़ चराने के लिए रुका हुआ था, तभी यह हादसा हो गया।


हर पल पर टिकी निगाहें

पूरे इलाके में दुआओं का माहौल है और हर किसी की नजर इस रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हुई है। प्रशासन और बचाव दल हर संभव प्रयास कर रहे हैं कि मासूम को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।

 
 
Share
0
0
0

Comments

Leave a Reply