Friday, 29 May 2026
Swaraj Express
person
खेल

महिला T20 वर्ल्ड कप 2026: हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में इंग्लैंड रवाना हुई भारतीय टीम, जीत का संकल्प लेकर उतरीं 'वुमन इन ब्लू'

आईसीसी महिला T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम शनिवार को मुंबई से इंग्लैंड के लिए रवाना हो गई। टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में खिलाड़ियों ने वर्ल्ड कप जीतने का पक्का इरादा लिया है। टूर्नामेंट का आयोजन 12 जून से 5 जुलाई तक इंग्लैंड और वेल्स में किया जाना है। मुंबई एयरपोर्ट पर प्रशंसकों ने टीम को शानदार विदाई दी और अपनी शुभकामनाएं दीं।

पाकिस्तान के खिलाफ बिगुल

टूर्नामेंट में भारत को ग्रुप-1 में रखा गया है, जिसमें ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, पाकिस्तान, बांग्लादेश और नीदरलैंड जैसी टीमें शामिल हैं। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ एक हाई-वोल्टेज मुकाबले से करेगी। इसके बाद टीम नीदरलैंड, दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ अपने मैच खेलेगी, जबकि ग्रुप चरण का आखिरी मुकाबला 28 जून को लंदन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होगा।

हरमनप्रीत का आत्मविश्वास

रवानगी से पहले कप्तान हरमनप्रीत कौर ने टीम की क्षमताओं पर पूरा भरोसा जताया। उन्होंने कहा, "मैं इस टीम को दावेदार मानती हूं और जिस तरह का स्क्वाड हमने चुना है, उसमें चैंपियन बनने का पूरा दम है।" उन्होंने टीम को सलाह दी कि वे न तो दबाव लें और न ही ओवरकॉन्फिडेंस में आएं। उनके अनुसार, T20 क्रिकेट में जीत का एकमात्र मंत्र अच्छा क्रिकेट खेलना है।

इंग्लैंड सीरीज से होगी तैयारी

वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले भारतीय टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की T20 सीरीज खेलेगी। यह सीरीज 28 मई से शुरू होकर 2 जून तक चलेगी, जिसे वर्ल्ड कप की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। टीम इंडिया हाल ही में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुई सीरीज में मिली 4-1 की हार के बाद खुद को मजबूती से वापसी के लिए तैयार कर रही है।

भारतीय टीम की मजबूत स्क्वाड

भारतीय टीम में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ-साथ युवा प्रतिभाओं का अच्छा मिश्रण है। विश्व कप के लिए घोषित टीम में हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, श्री चरनी, यास्तिका भाटिया, नंदनी शर्मा, अरुंधति रेड्डी, रेणुका सिंह, क्रांति गौड़, श्रेयंका पाटिल और राधा यादव को शामिल किया गया है।

Share
0
0
0

Comments

Leave a Reply