गुना। जिले के बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। आरोन से हनुमान टेकरी सरकार के दर्शन के लिए निकले युवक की लाश चौपेट नदी में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
नदी में उतराती मिली लाश
जानकारी के अनुसार, टोल टैक्स के आगे चौपेट नदी में सुबह एक युवक की लाश उतराती हुई दिखाई दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान आरोन निवासी कमल साहू के रूप में हुई है।
दर्शन के लिए निकले थे, घर नहीं लौटे
बजरंगगढ़ थाना प्रभारी कृपाल सिंह परिहार के मुताबिक, 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के दिन कमल साहू अपनी मोटरसाइकिल से हनुमान टेकरी सरकार के दर्शन के लिए निकले थे, लेकिन इसके बाद वे घर वापस नहीं पहुंचे। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे, इसी बीच आज उनकी लाश नदी में मिलने की खबर सामने आई।
शरीर पर नहीं मिले चोट के निशान
पुलिस के अनुसार, शव पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। हालांकि युवक नदी तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
रिपोर्ट: गौरव शर्मा, गुना
Comments
Leave a Reply