MP के इंदौर के द्वारकापुरी क्षेत्र में MBA छात्रा की हत्या ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। आरोपी पीयूष ने अपनी करीबी दोस्त की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि वह छात्रा से शादी करना चाहता था, लेकिन उसे उसके दूसरे दोस्तों से बात करना और चैट करना पसंद नहीं था।
आरोपी उस पर एक तरह से अपना अधिकार जताना चाहता था। वह छात्रा से प्यार करने का दावा करता था, लेकिन उससे ज्यादा उस पर शक करता था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नशे का आदी था, जिसने उसके व्यवहार को और आक्रामक बना दिया।
परिजनों को थी जानकारी
जानकारी के मुताबिक, छात्रा और आरोपी अक्सर साथ देखे जाते थे। छात्रा की बहन और पिता को भी दोनों की दोस्ती के बारे में पता था। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि युवती कई बार आरोपी के साथ गली में आती-जाती नजर आती थी।
हत्या वाले दिन भी परिवार को मालूम था कि वह आरोपी के साथ जा रही है। वहीं, आरोपी के माता-पिता को भी इस रिश्ते की जानकारी बताई जा रही है।
पहले से बनाई थी हत्या की योजना
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी ने हत्या की पहले से योजना बनाई थी। कमरे में हाथ-पैर बांधने के लिए रस्सी पहले से रखी गई थी। आरोपी ने छात्रा को फोन कर कमरे पर बुलाया और पार्टी का बहाना बनाया।
हत्या के बाद वह तुरंत फरार नहीं हुआ, बल्कि कुछ समय तक वहीं रुका रहा। इसके बाद उसने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो पोस्ट किए और अपनी पहचान छिपाने की कोशिश की। उसने एक पत्र भी लिखा, जिसमें हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए सजा की बात कही।
भागने के बाद बदलता रहा ठिकाना
घटना के बाद आरोपी मुंबई भाग गया। शुरू में वह सामान्य रहा, लेकिन जैसे ही उसे खबर मिली कि शव बरामद हो गया है और मामला सुर्खियों में है, वह सतर्क हो गया।
पकड़े जाने के डर से वह किसी होटल में नहीं रुका। वह लगातार ट्रेनों में छोटी-छोटी यात्राएं करता रहा और नई सिम खरीदकर परिजनों से संपर्क बनाए रखा।
आखिरकार जब पुलिस ने उसके पिता को हिरासत में लिया, तो आरोपी ने मुंबई के एक पुलिस स्टेशन में आत्मसमर्पण कर दिया।
Comments
Leave a Reply