Saturday, 21 February 2026
Swaraj Express
person
क्राइम dehli

रीलबाज़ों की हवाबाज़ी के कारण चली गई एक मासूम की जान: 23 वर्षीय युवक साहिल की मौत, पोस्टमार्टम में मिली ये जानकारी

दिल्ली के द्वारका में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय साहिल की मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर सिर और छाती की चोटों के साथ अत्यधिक खून बहने को मौत की वजह बताया गया है। मामले में नाबालिग चालक की भूमिका की जांच जारी है।

Delhi: दिल्ली के द्वारका में हुए सड़क हादसे में 23 वर्षीय साहिल धनेशरा की मौत को लेकर पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई है। रिपोर्ट के अनुसार उनकी मौत अत्यधिक खून बहने (हेमरेज) और गंभीर क्रेनियो-सेरेब्रल चोट के कारण हुई। रिपोर्ट में सिर के बाएं हिस्से में खोपड़ी फ्रैक्चर और स्कैल्प के नीचे खून का थक्का मिलने की पुष्टि हुई है।

दिमाग और फेफड़ों को भी हुआ गंभीर नुकसान

रिपोर्ट के मुताबिक साहिल के दिमाग में सूजन, सबड्यूरल हेमेटोमा और फेफड़ों में चोट पाई गई। छाती में भी गंभीर अंदरूनी चोटें मिलीं। बाईं तरफ की चौथी, पांचवीं और छठी पसली में फ्रैक्चर पाया गया और दोनों फेफड़ों के आसपास खून जमा मिला, जिससे हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

3 फरवरी को हुआ था भीषण सड़क हादसा

यह हादसा 3 फरवरी को सुबह करीब 11:57 बजे लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज के पास हुआ था। शुरुआती जांच में सामने आया कि स्कॉर्पियो गाड़ी, जिसे कथित तौर पर 17 वर्षीय नाबालिग चला रहा था, सामने से आकर साहिल की बाइक से टकराई और फिर एक खड़ी टैक्सी से जा भिड़ी।

नाबालिग चालक बिना लाइसेंस के चला रहा था गाड़ी

जांच में पता चला कि आरोपी किशोर के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था। उसे जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया गया और पहले ऑब्जर्वेशन होम भेजा गया। हालांकि 10 फरवरी को बोर्ड परीक्षाओं का हवाला देते हुए उसे अंतरिम जमानत दे दी गई।

मां का आरोप: गाड़ी पर पहले से थे कई चालान

मृतक की मां ने दावा किया कि जिस गाड़ी से हादसा हुआ उस पर पहले से 13 चालान थे, जिनमें कई ओवरस्पीडिंग के थे। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद उनका बेटा करीब 10 मिनट तक मदद के लिए चिल्लाता रहा।

Share
0
0
0

Comments